निजी गोशाला पर किसानों ने लगाए फसल बर्बाद करने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
निजी गोशाला पर किसानों ने लगाए फसल बर्बाद करने का आरोप


कानपुर देहात, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में शिवली नगर पंचायत क्षेत्र में किसानों ने निजी गोशाला पर फसल बर्बाद करने का आरोप लगाया है। किसानों का राघव गोवर्धन गौशाला के संचालक पर आरोप है कि रात में गोशाला से गोवंश को खेतों की ओर छोड़ दिया जाता है। इससे उनकी खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों का आरोप है कि वे इस समस्या से 10 वर्षों से जूझ रहे हैं। इसकी कई बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं निकला। किसानों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने तथा खेतों में पहुंच रहे गोवंश पर रोक लगाने की मांग की।

किसानों ने बताया कि फसल को बचाने के लिए उन्हें रात के समय खेतों पर जाकर रखवाली करनी पड़ती है। किसानों ने गोशाला संचालक राघव शुक्ला और उनके परिजनों पर अभद्र व्यवहार तथा धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। किसानों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में थाना और तहसील स्तर पर कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

इसी दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला भी तहसील पर पहुंचीं। किसानों ने राज्य मंत्री के सामने भी अपनी समस्या रखी। किसानों की बात सुनने के बाद प्रतिभा शुक्ला ने जिलाधिकारी कपिल सिंह से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। राज्य मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि मामले की एसडीएम स्तर से जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से भी किसानों की शिकायत की जांच कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया है।

किसान वतन अग्निहोत्री का कहना है कि रात के समय गोवंश खेतों में पहुंच जाते हैं, जिससे उनकी फसल बर्बाद हो रही है। कई वर्षों से किसान इस समस्या को झेल रहे हैं और प्रशासन से मामले की जांच कर स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर किसान किसान सुरेश चंद्र, किसान श्याम सुंदर समेत अन्य किसान माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story