मथुरा के केएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें बढ़कर हुईं 250

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा के केएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें बढ़कर हुईं 250


मथुरा, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के केएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए एक बड़ी कामयाबी मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन को मंज़ूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब संस्थान की कुल सीट क्षमता 200 से बढ़कर 250 हो गई है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चाैधरी व कुलपति डॉ. एनसी प्रजापति ने प्रेस वार्ता करते हुए इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया। कहा कि काफी कम समय में 250 सीटें हासिल करना सभी की कड़ी मेहनत को दर्शाता है। आज केएम विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बनकर उभरा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, पशु चिकित्सालय के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय प्रकाश और पूर्व मेडिकल प्राचार्य डॉ. पीएन भिसे ने विश्वविद्यालय के सभी फैकल्टी के विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, यूजी-पीजी डॉक्टर्स सहित विश्वविद्यालय व अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ को बधाई व शुभकामनाएं दीं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story