अनोखा प्रदर्शन, घोड़े की बग्गी पर बैठ गले में आलू की माला डाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसान

WhatsApp Channel Join Now
अनोखा प्रदर्शन, घोड़े की बग्गी पर बैठ गले में आलू की माला डाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसान


फिरोजाबाद, 14 मई (हि.स.)। किसानों की समस्याओं को लेकर किसान नेताओं ने जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को अनोखा प्रदर्शन किया। किसान घोड़े की बग्गी पर बैठकर और गले में आलू की माला डालकर कीर्तन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने ऐसा अनोखा प्रदर्शन किया कि पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। किसान घोड़े की बग्गी पर बैठकर और गले में आलू की माला डालकर कीर्तन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई। किसानों ने प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए पारंपरिक तरीके से प्रदर्शन किया और आलू के गिरते दामों, डीएपी खाद की किल्लत, बिजली संकट एवं सिंचाई व्यवस्था को लेकर जोरदार आवाज उठाई।

किसानों ने कहा कि आलू का सही मूल्य न मिलने से किसान आर्थिक बर्बादी की ओर बढ़ रहा है। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर किसानों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। किसानों की भारी भीड़ और अनोखे प्रदर्शन को देखकर पुलिस एवं जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अपर जिलाधिकारी विशु राजा धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया। बाद में जिलाधिकारी कार्यालय में किसान नेताओं एवं प्रशासन के बीच डीएम स्तर की वार्ता हुई। जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया।

मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि आलू किसान पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने मांग की कि आलू का रेट 15000 रुपये प्रति यूनिट किया जाए तथा कोल्ड स्टोरेज की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इस दौरान जिला अध्यक्ष बिन्नी प्रधान, मोहित यादव, उदयवीर, सरपंच अवधेश रावत, लाल सिंह तोमर, प्रेम सिंह सिकरवार, सोबरन सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story