किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा करें : सीडीओ

WhatsApp Channel Join Now
किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा करें : सीडीओ


92.07 प्रतिशत किसानों की बनी फार्मर आईडी, 27 अक्टूबर तक करा सकेंगे बीज व कृषि यंत्रों की बुकिंग

औरैया, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों की समस्याएं सुनने के साथ उर्वरक, कृषि रसायन और विद्युत संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 92.07 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बन पाई है। उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए किसानों से जल्द फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी न होने पर किसान विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि रबी सीजन में गेहूं, चना, मटर, सरसों और जौ के सामान्य बीजों के साथ चना, मटर, मसूर व सरसों के निशुल्क बीज तथा कृषि यंत्रों की बुकिंग 27 अक्टूबर तक कराई जा सकती है। इसके लिए कृषि विभाग के पोर्टल या नजदीकी जनसेवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

जिला उद्यान अधिकारी सुशील कुमार ने शाकभाजी, प्याज, लहसुन और फूलों की खेती पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस विकल ने बताया कि पशुओं की आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा ली जा सकती है। जनपद में पांच पशु एंबुलेंस उपलब्ध हैं।

बैठक में विद्युत, सिंचाई, नलकूप, मंडी, रेशम और सहकारिता विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story