डीएम ने संभाली क्लास, बोले- रटने से नहीं, समझने से खुलेगा सफलता का रास्ता

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने संभाली क्लास, बोले- रटने से नहीं, समझने से खुलेगा सफलता का रास्ता


डीएम ने संभाली क्लास, बोले- रटने से नहीं, समझने से खुलेगा सफलता का रास्ता


-डिजिटल बोर्ड पर समझाया न्यूटन का नियम, साइकिल के पहिए के घर्षण पर सवाल पूछकर परखी छात्राओं की समझ

लखीमपुर खीरी, 21 अगस्त (हि.स.)। सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने डिजिटल बोर्ड पर न्यूटन के सार्वत्रिक गुरुत्वाकर्षण नियम को समझाया और छात्राओं को रटने के बजाय विषय को विजुअलाइज कर समझने की सलाह दी।

डीएम ने कहा कि जेईई-नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए केवल याददाश्त नहीं, बल्कि कॉन्सेप्ट की गहरी समझ जरूरी है। भौतिक विज्ञान को रोचक बनाते हुए उन्होंने सवाल किया, साइकिल चलाते समय पहिए पर घर्षण बल किस दिशा में और क्यों लगता है? उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे सवालों का मकसद उत्तर के पीछे छिपे तर्क और 'क्यों' को समझना है।

शिक्षकों को प्रेरित करते हुए डीएम ने कहा कि ज्ञान को लगातार रिवाइज और अपडेट रखना चाहिए, क्योंकि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर अभ्यास और निडर होकर सवाल पूछने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई, प्रबंधक चंद्रभूषण साहनी, कोषाध्यक्ष तुषार गर्ग, रवि भूषण साहनी, नीरज सिंह, शिक्षिका आराधना मिश्रा व छात्राएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story