इंजीनियर से सफल किसान बने अवधेश कुशवाहा, फूलों की खेती कर कमा रहे है लाखों

WhatsApp Channel Join Now
इंजीनियर से सफल किसान बने अवधेश कुशवाहा, फूलों की खेती कर कमा रहे है लाखों


फिरोजाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। आमतौर पर आज के युवाओं का सपना यही होता है कि वे गांव से बाहर निकलें। किसी बड़े शहर में जाएं और कॉर्पोरेट जगत की चमक-धमक में अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाएं। लेकिन फिरोजाबाद के युवा अवधेश कुशवाहा ने लीक से हटकर एक ऐसी राह चुनी, जो आज पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए मिसाल बन गई है।

बीटेक की कठिन पढ़ाई पूरी करने के बाद अवधेश ने एक कंपनी में इंजीनियर की नौकरी की। वह शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी जी रहे थे, तभी कोरोना काल की आपदा ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। उस संकट के समय जब हर कोई अपने घर की तरफ लौट रहा था, अवधेश भी अपने गांव लौटे। यहीं से उनकी जिंदगी ने एक नया और खूबसूरत मोड़ लिया। उन्होंने महानगर की चकाचौंध को छोड़कर अपनी मातृभूमि की माटी से जुड़ने और खेती में हाथ आजमाने का साहसिक फैसला किया।

अवधेश का कहना है की उनकी शुरुआत महज एक एकड़ जमीन से हुई। उन्होंने पारंपरिक फसलों से हटकर गेंदे के फूलों की खेती का अनूठा रास्ता चुना। जब गेंदे की महक और उसकी सफलता से मुनाफा नजर आया, तो उनके हौसले को पंख लग गए और उन्होंने धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते हुए इसे 16 एकड़ तक पहुंचा दिया। वर्ष 2021 में एक एकड़ से शुरू हुआ यह सफर 16 एकड़ के विशाल पुष्प खेतों में बदल चुका है।

अवधेश सिर्फ खेती नहीं करते, बल्कि एक कुशल प्रबंधक की तरह सीजन और त्योहारों के हिसाब से अलग-अलग समय पर पौधरोपण करते हैं, ताकि जब बाजार में फूलों की मांग सबसे ज्यादा हो, तब उनकी फसल तैयार मिले। अवधेश का कहना है कि मात्र 60 दिन में तैयार होने वाली यह फसल आज फिरोजाबाद ही नहीं, बल्कि आगरा और दिल्ली तक की मंडियों में अपनी महक बिखेर रही है। एक एकड़ में करीब 50 हजार रुपये की लागत आती है और सीजन में लगभग एक लाख रुपये तक की उन्हें शानदार बचत हो जाती है। यह कहानी सिर्फ एक इंजीनियर की सफलता की नहीं, बल्कि उस दृढ़ इच्छाशक्ति की है जो दिखाती है कि अगर इरादे पक्के हों, तो अपनी ही माटी सोना उगल सकती है।

जिला उद्यान अधिकारी सी. पी. अवस्थी का कहना है कि अवधेश आज के युवाओ के लिए प्रेरणाश्रोत है। युवाओं को उनसे सीखना चाहिए कि खेती की उनके जीवन में तरक्की के नए आयाम पैदा कर सकती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story