हुनर को रोजगार से जोड़ने निकला खादी विभाग, चुनार में लगाया जागरूकता शिविर

WhatsApp Channel Join Now
हुनर को रोजगार से जोड़ने निकला खादी विभाग, चुनार में लगाया जागरूकता शिविर


मीरजापुर, 20 जून (हि.स.)। जिला खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय की ओर से शनिवार को तहसील परिसर चुनार में विपणन विकास सहायता (एससीएसपी) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। शिविर में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।

जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि खादी विभाग द्वारा उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनियां, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साथ ही माटीकला टूल्स किट वितरण योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

जिला अग्रणी प्रबंधक आनंद झा ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड व्यक्तिगत उद्यम स्थापना के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहा है। वहीं वरिष्ठ सहायक पवन कुमार ने विभाग की योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में महिलाओं और युवाओं को बताया गया कि अनुवा स्थित खादी प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन सहित विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण एवं स्टाइपेंड की सुविधा उपलब्ध है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लाभार्थी विभागीय सहायता और ऋण लेकर अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अनुराग सिंह, धरमू प्रसाद, बाबूलाल प्रजापति, महेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story