खाद वितरण में मनमानी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, 05 को नोटिस, 03 दुकानों के लाइसेंस निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
खाद वितरण में मनमानी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, 05 को नोटिस, 03 दुकानों के लाइसेंस निरस्त


फिरोजाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। जनपद में खाद वितरण में मनमानी करने वालों के खिलाफ बृहस्पतिवार को बड़ा एक्शन लिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने 05 विक्रेताओं को नोटिस जारी किया है और 03 दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, साथ ही सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का लापरवाही पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि फिरोजाबाद जिले की तहसील सिरसागंज क्षेत्र अंतर्गत उर्वरक की दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रताप खाद भंडार काठफोरी एवं श्री राधा कृष्ण खाद एवं बीज भंडार सिरसागंज से 2 उर्वरक नमूने गृहित किए गए। रेट स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित न करने, स्टॉक एवं विक्रय पंजिका अद्यतन ना रखना एवं सही प्रकार से सूचनायें न भरने के कारण कृषक सेवा केंद्र कथफोरी एवं प्रशांत ट्रेडर्स सराय मुरलीधर, राधा कृष्णा बीज एवं खाद भंडार सिरसागंज, करिश्मा खाद भंडार सिरसागंज, आर. ऐस. खाद भंडार काठफोरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है साथ ही प्रताप खाद भंडार काठफोरी पर बिना पॉस मशीन से विक्रय करने पर, प्रबल खाद भंडार सिरसागंज पर स्टॉक दूसरी दुकान मे रखने और स्टॉक विक्रय पंजिका न पाए जाने पर उर्वरक लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किये गए तथा बघेल खाद बीज भंडार काठफोरी द्वारा जाँच टीम को मौके पर देख कर दुकान बंद कर दी गई। जिसके कारण निरिक्षण नहीं किया जा सका जिस कारण से दुकान के लाइसेंस को अग्रिम आदेश तक निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद मे उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है विक्रताओं को किसानों को यूरिया एवं डीएपी के वैकल्पिक उर्वरकों के बारे मे किसानों को जागरूक करने के लिए निर्देशित किया है।

जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी, टैगिंग, ओवररेटिंग अथवा बिना अभिलेख बिक्री जैसी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story