चार मई पश्चिम बंगाल से ममता दीदी गईं : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
चार मई पश्चिम बंगाल से ममता दीदी गईं : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल में चार मई को आने वाले चुनाव नतीजों को लेकर ममता बनर्जी की सरकार जाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कुर्सी जाने की छटपटाहट ने ममता बनर्जी की बेचैनी बढ़ा दी है। इसलिए ही वो चुनाव आयोग और केन्द्र सरकार पर झूठे और अनर्गल आरोप लगा रही हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने राजधानी लखनऊ में शनिवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने साफ कहा कि चार मई ममता दीदी गईं। केशव ने कहा कि जिस तरह से वह (ममता बनर्जी) परेशान हैं और झूठे आरोप लगा रही हैं, उससे पता चलता है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) बड़ी हार की ओर बढ़ रही है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बंगाल के नतीजे का बंगाल ही नहीं, पूरा देश चार मई का इंतज़ार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर रीपोलिंग के सवाल पर कहा कि इलेक्शन कमीशन उन बूथों पर दोबारा से मतदान करा रहा है जहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) गुंडागर्दी में शामिल थी और डेमोक्रेसी की हत्या करने की कोशिश की थी। हम चुनाव आयोग के कदम का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें रिपोर्ट मिली है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।

सदन में शराब पीकर जाना दुर्भाग्यपूर्ण

पंजाब सदन में मुख्यमंत्री के शराब पीकर जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ऐसा आरोप अगर सत्य है तो निश्चित ही यह पतन की ओर जाने वाला है। यह मामला बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

अखिलेश की सत्ता में वापसी का सपना 2047 तक नहीं होगा पूरा

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के कुशीनगर मामले में राजनीति न करने वाले सवाल पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें मिर्ची लगी तो हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ये जोड़ी हिट है, फिट है। 2027 का सपना तो छोड़िए, 2047 तक उनका उत्तर प्रदेश की सत्ता में सपा की वापसी का रास्ता नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं, महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हूं। इसके साथ ही करुणावतार भगवान गौतम बुद्ध की विरासत से भी जुड़ा हूं जिन्होंने संसार को शांति, समता और न्याय का मार्ग दिखाया।

लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा।

इन अन्यायों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से कमल खिलाकर दिया जाएगा। 2047 तक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ हर अन्याय का पूरा हिसाब किया जाएगा। इस मामले अखिलेश यादव को मिर्ची क्यों लगी ये वह ही जानें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story