अखिलेश के ‘पीडीए’ पर बरसे केशव, बोले- जनता फिर देगी भाजपा को प्रचंड बहुमत
- विंध्यधाम में मां के दर्शन के बाद डिप्टी सीएम ने साधा सपा मुखिया पर निशाना, सड़कों की बदहाली पर ठेकेदारों को चेताया
मीरजापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी के दरबार में रविवार को पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक ओर मां के चरणों में शीश नवाया तो दूसरी ओर सियासी मोर्चे पर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए को उन्होंने फर्जी करार देते हुए आरोप लगाया कि सपा ने पिछड़ों और दलितों के साथ धोखा किया है।
पुरानी वीआईपी मार्ग पर नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा ने अंगवस्त्र पहनाकर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कुछ देर विश्राम के बाद केशव मौर्य नारियल, चुनरी, माला और पुष्प लेकर विंध्यधाम पहुंचे। वीआईपी गेट से गणेशजी का दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
दर्शन-पूजन के बाद नवनिर्मित सेफ हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण और युवाओं के भविष्य को लेकर लगातार काम किया है। बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया है। इसी के आधार पर जनता का समर्थन एक बार फिर भाजपा को मिलेगा।
‘पीडीए’ पर सीधा हमला
अखिलेश यादव के पीडीए को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि यह फर्जी है। आरोप लगाया कि सपा ने पिछड़ों और दलितों के साथ धोखा किया है और जनता इसका जवाब पहले भी दे चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार भी जनता जवाब देगी और सपा के लोग सैफई तक सीमित रह जाएंगे।
अखिलेश यादव के बयानों पर तंज कसते हुए मौर्य ने कहा कि ‘सूप बोले तो बोले, चलनी न बोले।’ उन्होंने कहा कि अखिलेश के मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में सड़कें गड्ढों से भरी थीं और कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी। ऐसे में उन्हें अपनी सरकार के कार्यकाल को देखते हुए बयान देना चाहिए।
ठेकेदारों को सख्त चेतावनी
मीरजापुर की सड़कों की बदहाली पर सवाल उठने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गड्ढामुक्ति अभियान को लेकर बैठक हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। ग्रामीण सड़क, मुख्य मार्ग, स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे—सभी को दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और ऐसे ठेकेदारों को दोबारा ठेकेदारी का मौका नहीं दिया जाएगा।
फसल नुकसान का होगा सर्वे, मिलेगा मुआवजा
बारिश को लेकर उन्होंने कहा कि अच्छी वर्षा से किसानों में खुशी है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान भी हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा है और जल्द किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
आकाश आनंद के भाजपा में आने की चर्चा पर केशव मौर्य ने इसे पारिवारिक विषय बताते हुए कहा कि इस पर उनका कोई जवाब नहीं है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री रेहड़ा चुंगी स्थित एक होटल में आयोजित त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र, सांसद विनोद बिंद, हर्षित खत्री समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

