प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ है सम्पूर्ण विश्व में भारत की संस्कृति का जो जयघोष : मनीष असीजा
फिरोजाबाद, 16 जून (हि.स.)। केन्द्र सरकार के 12 साल ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के‘‘, थीम पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन विकास खण्ड परिसर फिरोजाबाद में हुआ। कार्यक्रम में केन्द्र और राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर विधायक सदर मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव की उपस्थिति रहीं।
विकास खण्ड परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भव्य स्टॉल लगाए गए, जहां आम जनता को योजनाओं की बारीकियां समझाई गयीं। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत और उज्जवला योजना जैसी अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर सीधे लाभान्वित करने की प्रक्रिया को सुलभ बनाया गया, साथ ही साथ ‘‘आपका सुझाव लाएगा बदलाव‘‘ अभियान के तहत जनता और प्रबुद्ध नागरिकों से उनके सुझाव भी लिए गए।
इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि ‘‘केन्द्र सरकार के यह 12 वर्ष सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनैतिक दृश्य से भारत का स्वर्णिम काल रहा है, इस दौरान जनता को उनकी मूलभूत आवश्यकताओं जैसे आवास, शौचालय, खाद्यान्न की उपलब्धता कराकर उनके जीवन को प्रकाशित किया गया। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सम्पूर्ण विश्व में भारत की संस्कृति का जो जयघोष हुआ है, उसका प्रभाव अति भौतिकता वाद में डूबे पश्चिमी राष्ट्रों पर भी पड़ा है, आज भारतीय परम्परा की देन ‘‘योग‘‘ को सम्पूर्ण विश्व अपने जीवन का एक अविभिन्न अंग बनाकर अपने को कृतार्थ कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भी देश के जयघोष के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।‘‘ जनपद फिरोजाबाद के वासी भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के इस विजन में अपने सम्पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। इस अवसर पर मेयर कामिनी राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी नवीन कुमार और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

