कौशांबी : कमरे में फंदे से लटका मिला नव विवाहिता का शव, परिजनाें ने लगाया दहेज के लिये परेशान करने का आराेप

WhatsApp Channel Join Now
कौशांबी : कमरे में फंदे से लटका मिला नव विवाहिता का शव, परिजनाें ने लगाया दहेज के लिये परेशान करने का आराेप


कौशांबी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के सदर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव में शुक्रवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता आरती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।

ओसा गांव के चपरी आम निवासी अरविंद कुमार सरोज की शादी पिपरी क्षेत्र के कमालपुर बरेठी गांव की आरती से 26 मार्च 2026 को हुई थी। आरती के चाचा अमृतलाल का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उससे पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घर के बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सुबह कमरे में आरती का शव फंदे से लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे और हत्या का आरोप लगाया।

आरती के पिता का आरोप है कि अरविंद का किसी युवती से प्रेम प्रसंग था। इसको लेकर वह अक्सर आरती से विवाद करता था और उसे अपनी जिंदगी से निकल जाने की धमकी देता था। आरती ने कई बार इसकी जानकारी मायके वालों को दी थी। घर बसाने की उम्मीद में उसे तीन दिन पहले ही समझाकर ससुराल भेजा गया था।

सीओ सदर सौरभ सामंत ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मायके पक्ष से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780182 Articles

Share this story