कौशांबी : मेडिकल कालेज के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
कौशांबी : मेडिकल कालेज के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर ने दिया इस्तीफा


कौशांबी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर विवाद सामने आया है। मेडिसिन विभाग में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ओपी चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रिंसिपल पर प्रताड़ित करने, अपमानित करने और नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं प्राचार्य डॉ हरिओम सिंह ने कहा डॉ ओपी चौधरी अस्पताल की छवि कारण करने की कोशिश कर रहे है। नोटिस जारी कर जवाब तलब करेंगे।

डॉ. ओपी चौधरी के मुताबिक, उन्होंने तीन दिन की स्वीकृत छुट्टी ली थी। प्रिंसिपल ने फोन कर उन्हें प्रताड़ित किया और नौकरी से निकालने के साथ एक्सटेंशन नहीं देने की बात कही। छुट्टी से लौटने पर उनके चेंबर से असिस्टेंट प्रोफेसर के पदनाम का बोर्ड भी हटवा दिया गया। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची, जिसके चलते उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

डॉ. चौधरी ने कॉलेज प्रशासन पर अन्य समस्याओं की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उन्हें आवास उपलब्ध नहीं कराया गया। नौ महीने बीतने के बाद भी पोर्टल पर उनका पद अपडेट नहीं हुआ है। इसके अलावा मरीजों को चिकित्सकों की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने दावा किया कि आईसीयू में एबीजी मशीन को सुचारू रूप से संचालित कराने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद उन्हें कॉलेज में सम्मानजनक कार्य वातावरण नहीं मिला।

डॉ. ओपी चौधरी ने इस्तीफे के लिए प्रिंसिपल और कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराया है।

प्राचार्य हरिओम सिंह ने बताया, डॉ ओपी चौधरी के बारे में लगातार जनप्रतिनिधियों की शिकायत मिल रही थी। इस संबंध में जवाब मांगा गई तो बिना बताए छुट्टी पर चले गए। अब मेडिकल कालेज की छवि धूमिल करने की दिशा मे सोशल मीडिया में बयानबाज़ी कर रहे हैं। जल्द ही इस कृत्य के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story