कौशांबी मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ का कार्य बहिष्कार, ओपीडी के बाहर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कौशांबी मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ का कार्य बहिष्कार, ओपीडी के बाहर प्रदर्शन


कौशांबी, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के कौशांबी स्वायत्त राज्य मेडिकल कॉलेज में संविदाकर्मी नर्सिंग स्टाफ ने गुरुवार काे काम बंद कर ओपीडी के बाहर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नर्स प्रीति कुशवाहा के साथ मारपीट के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने से नर्सिंग स्टाफ नाराज है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान नर्स के साथ मारपीट की गई, लेकिन मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि अंगूठी चोरी के आरोप को लेकर महिला मरीज और उसके तीमारदार पति से विवाद हुआ था। इसी दौरान नर्स प्रीति कुशवाहा के साथ मारपीट का आरोप है। घटना से नाराज नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर दिया और ओपीडी के बाहर बैठकर विरोध जताया।

मेडिकल कॉलेज के सीएमएस समेत अन्य डॉक्टर और अधिकारी मौके पर पहुंचकर नर्सिंग स्टाफ को समझाने और काम पर लौटने के लिए मनाने में जुटे हैं। प्रदर्शन के चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की बात सामने आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story