स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य: केशव प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य: केशव प्रसाद


स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य: केशव प्रसाद


कौशाम्बी/प्रयागराज, 07 मार्च(हि.स.)। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है। प्रदेश में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह बातें शनिवार को कौशाम्बी

के सयारा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित सरस मेला व सरस महोत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।

उन्होंने कहा कि इसके लिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उनके उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उनके उत्पाद देश-विदेश के बाजार तक पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि कौशाम्बी जिले में लगभग एक लाख 54 हजार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और यहां 11,863 समूहों का गठन किया गया है। इनमें से 6,155 समूहों को रिवॉल्विंग फंड के रूप में 18 करोड़ 46 लाख रुपये तथा 5,021 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 75 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये प्रदान किए जा चुके हैं। जिले में अब तक 10,864 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और आगे एक लाख महिलाओं को इस लक्ष्य तक पहुंचाने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं यदि खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ा कार्य करना चाहती हैं तो सरकार की ओर से 35 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। वहीं सोलर संयंत्र लगाने पर 90 प्रतिशत तक अनुदान की व्यवस्था है। इसके साथ ही समूह की महिलाओं के लिए डेयरी, मसाला और अन्य छोटे उद्योग स्थापित करने की कार्ययोजना भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि स्वयं सहायता समूहों की शक्ति को और बढ़ाया जाए तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ा जाए।

इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ, कपड़े तथा अन्य घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर दीदियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं के साथ पुष्पवर्षा करते हुए फूलों की होली भी खेली और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मिर्जापुर जवई गांव की सरिता ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर ई-रिक्शा खरीदने और अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देने के अपने अनुभव भी साझा किए।

इस अवसर पर विधायक पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य जितेंद्र कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story