हाथरस के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में लगी आग, माैके पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में लगी आग, माैके पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक


हाथरस, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह घटना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला रमनपुर स्थित विद्यालय की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में हुई।

आग लगने से कमरे में रखा सामान जल गया। हालांकि सभी 21 छात्राएं सुरक्षित रहीं। अपराह्न करीब दो बजे कमरे से धुआं उठता देख छात्राओं और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त सभी छात्राएं नीचे मेस में खाना खा रही थीं। विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल पुलिस और फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, छोटी दमकल गाड़ी का पानी जल्द खत्म हो गया। इसके बाद, विद्यालय में छात्राओं के पानी पीने की टंकी से मशीन लगाकर आग बुझाने की कोशिश की गई। आग लगने की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स और एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं और स्टाफ से आग लगने के कारणों की जानकारी ली। आग में कमरे में रखे बिस्तर और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से बातचीत की और हालचाल लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story