वाराणसी में दुधिया समाज ने किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
वाराणसी, 27 अगस्त(हि. स.)। राष्ट्रीय पर्व रक्षाबंधन से पहले वाराणसी में दुधिया समाज के प्रतिनिधियों ने दशाश्वमेध घाट से गंगा जल भरकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक पदयात्रा की और बाबा विश्वनाथ को जलाभिषेक किया।
इससे पूर्व में दुधिया समाज के लोगों ने गगरी में जल भरकर हर हर महादेव का उद्घोष किया और अपनी यात्रा आरंभ की। दुधिया समाज के गुड्डू यादव ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को सावन के महीने में बाबा विश्वनाथ को जलाभिषेक करने का अधिकार है। वह सभी भी परंपरा को निभाते हुए रक्षाबंधन के एक दिन पहले, सावन के अंतिम दिन बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने के लिए पहुंच चुके हैं। बाबा विश्वनाथ से सभी के सुख शांति की कामना करते हुए उन्होंने जलाभिषेक किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ का धाम बन जाने से दर्शन पूजन और जलाभिषेक जैसे धार्मिक कार्यों में अब कोई कठिनाई बची नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सोच से विश्वनाथ मंदिर को विश्वनाथ धाम बना दिया है। नरेंद्र मोदी का वाराणसी का सांसद होना, हम सभी के लिए गौरव की बात है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

