काशी तमिल संगमम् 5.0 के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू,छह अन्य जोड़ी विशेष ट्रेनें भी चलेंगी

WhatsApp Channel Join Now
काशी तमिल संगमम् 5.0 के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू,छह अन्य जोड़ी विशेष ट्रेनें भी चलेंगी


- कन्याकुमारी से बनारस के लिए पहली विशेष ट्रेन रवाना

वाराणसी,25 नवंबर (हि.स.)। काशी तमिल संगमम् 5.0 में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को लेकर दक्षिण रेलवे की पहली विशेष ट्रेन बुधवार को कन्याकुमारी से बनारस के लिए रवाना हुई। यात्रा शुरू होने से पहले कन्याकुमारी रेलवे स्टेशन पर प्रतिनिधियों का समारोह पूर्वक स्वागत किया गया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आईआईटी मद्रास और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक एवं सभ्यतागत संबंधों को सुदृढ़ करना तथा दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।

प्रतिनिधियों और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण रेलवे ने बनारस को कन्याकुमारी, डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल और कोयंबटूर से जोड़ने वाली सात जोड़ी विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है।

स्थानीय आयोजकों के अनुसार, ट्रेन संख्या 06041 कन्याकुमारी-बनारस एक्सप्रेस स्पेशल 25 नवंबर को कन्याकुमारी से रवाना हुई और 27 नवंबर को रात 08 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06042 बनारस-कन्याकुमारी एक्सप्रेस स्पेशल 01 दिसंबर को रात 10:30 बजे बनारस से रवाना होकर 04 दिसंबर को सुबह 4:45 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी। इन ट्रेनों का मार्ग में विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।

इसके अतिरिक्त, दिसंबर में चेन्नई, कोयंबटूर और कन्याकुमारी से छह अन्य जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें नियमित काशी तमिल संगमम् साप्ताहिक एक्सप्रेस के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। इन सेवाओं से तमिलनाडु और बनारस के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा संगमम् में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों और अन्य यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story