ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी से भड़का आक्रोश, करणी सेना ने फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी से भड़का आक्रोश, करणी सेना ने फूंका पुतला


मीरजापुर, 15 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में शुक्रवार को सवर्ण आर्मी करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल तिराहा पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व करणी सेना के जिला संयोजक सुशील कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष दिलीप गहरवार और मुकेश कुमार पांडेय ने किया। प्रदर्शनकारियों ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। जिला संयोजक सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर अखिलेश यादव सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और सम्बंधित प्रवक्ता पर कार्रवाई नहीं होती, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा।

वहीं जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज का देश और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे जरूरत पड़ने पर सपा कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story