कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत में हाई अलर्ट, एक्सप्रेस-वे पर डायवर्जन सख्ती से लागू

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत में हाई अलर्ट, एक्सप्रेस-वे पर डायवर्जन सख्ती से लागू


कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत में हाई अलर्ट, एक्सप्रेस-वे पर डायवर्जन सख्ती से लागू


बागपत, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क ही गयी हैं। शुक्रवार को पुरा महादेव मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एएस चेक टीम पीलीभीत और बीडीडीएस (BDDS) टीम अलीगढ़ ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भी गहराई से छानबीन की गयी और हर संदिग्ध बिंदु की बारीकी से जांच की गई।

बागपत में कांवड़ यात्रा के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मवीकलां कट पर विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है और श्रद्धालुओं को निर्धारित कांवड़ मार्ग से ही जाने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और क्षेत्राधिकारी बागपत ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि बैरियर और कट प्वाइंट्स पर सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में कांवड़ियों को एक्सप्रेसवे पर न जाने दिया जाए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए उन्हें सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

चेकिंग अभियान के दौरान कई वाहनों की अस्पष्ट नंबर प्लेट मौके पर ही ठीक कराई गई और चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story