खंडहर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
खंडहर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी


कानपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को एक युवक का शव गांव के बाहर पुरानी नील की कोठी के खंडहर में चिलबिल के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उदयपुर चिरंजीवी पुरवा गांव निवासी किसान महेश गौतम का बेटा सौरभ गौतम (22) शराब पीने का आदी था। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर परिवार के लोगों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आज ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेतों के पास स्थित पुरानी नील की कोठी के खंडहर में चिलबिल के पेड़ से उसका शव लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story