कानपुर में सट्टे में लाखों रुपये गंवाने के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में सट्टे में लाखों रुपये गंवाने के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान


कानपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद कानपुर, सेन पश्चिम पारा थाना अंतर्गत दीन दयाल पुरम इलाके में सट्टे और कर्ज के दबाव से परेशान 20 वर्षीय युवक ने रविवार को कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को उसका शव कमरे में लटका मिला तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान ऋतिक के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार वह अपने भाई के साथ सैलून का काम करता था। परिजनों ने बताया कि उसे सट्टे की लत लग गई थी और इसी कारण वह लाखों रुपये हार चुका था। नुकसान के बाद उसने कई लोगों से उधार भी लिया था, लेकिन लगातार बढ़ते कर्ज और पैसों की मांग से वह काफी तनाव में रहने लगा था।

परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। मां के बुलाने पर उसने खाना खाने से मना कर दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आज जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो भाई उसे जगाने पहुंचा। तो काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर उसका शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सट्टे में रुपये हारने और कर्ज के दबाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story