देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के लिए निकाली तिरंगा यात्रा : दिनेश त्रिपाठी

WhatsApp Channel Join Now
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के लिए निकाली तिरंगा यात्रा : दिनेश त्रिपाठी


कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।” यह बातें गुरुवार को कानपुर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी ने कहीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर पुलिस की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। पुलिस मुख्यालय से शुरू हुई यात्रा को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा और संकल्प शर्मा समेत पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। यात्रा पुलिस मुख्यालय से शुरू होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय होते हुए फूलबाग तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। पूरे रास्ते पुलिसकर्मी देशभक्ति के जज्बे के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

डीसीपी मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के जरिए पुलिस विभाग ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहरवासियों को देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story