कानपुर में पुलिस जवानों —अफसरों ने मनायी होली, गाए फाग और उडाया गुलाल अबीर
कानपुर, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में होली का पर्व सकुशल संपन्न कराने के बाद गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित रिजर्व पुलिस लाइन का नज़ारा देखने लायक और भावुक कर देने वाला रहा। दिन-रात चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहकर शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी पूरी होने के बाद अपने बीच ही रंगों का यह त्योहार मनाया।
पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल से सराबोर कर दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पानी की बौछारों के बीच जवानों ने जमकर डांस किया। फिल्मी गीतों की धुन पर थिरकते पुलिसकर्मियों के चेहरों पर थकान की जगह सुकून और खुशी साफ झलक रही थी। कोई साथी को कंधे पर उठाए नाच रहा था तो कोई हंसी-ठिठोली के बीच रंग लगा रहा था।
इस होली में शहर के पुलिस कर्मियों के साथ-साथ कई आईपीएस अधिकारी भी रंग में रंगते नजर आए। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गुलाल लगाकर जवानों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर नृत्य किया। यह दृश्य पुलिस महकमे के भीतर आपसी समन्वय और पारिवारिक भावना को दर्शा रहा था।
कई पुलिसकर्मी ऐसे हैं जो अपने घरों और परिजनों से सैकड़ों किलोमीटर दूर तैनात हैं। जब पूरा शहर अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहा था, तब ये जवान कानून-व्यवस्था संभाल रहे थे। ड्यूटी के बाद जब उन्होंने साथियों के संग होली खेली, तो यह केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण और कर्तव्य के बीच मिली छोटी-सी खुशी का उत्सव था।
इसी तरह का उल्लास शहर के विभिन्न थाना परिसरों में भी देखने को मिला। रंगों से भीगी वर्दी और मुस्कुराते चेहरे इस बात का प्रमाण थे कि पुलिसकर्मी केवल कानून के रखवाले ही नहीं, बल्कि भावनाओं से भरे इंसान भी हैं, जो अपनों से दूर रहकर भी पूरे शहर को अपना परिवार मानते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

