जलभराव नहीं रुका तो मेट्रो का काम रुकवाऊंगा, एफआईआर भी कराऊंगा : सुरेंद्र मैथानी

WhatsApp Channel Join Now
जलभराव नहीं रुका तो मेट्रो का काम रुकवाऊंगा, एफआईआर भी कराऊंगा : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में मेट्रो निर्माण के कारण यदि जनता को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सात दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो मेट्रो का काम रुकवाने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर भी कराई जाएगी।

यह चेतावनी शुक्रवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के दौरान दीं। लगातार हो रही बारिश के बाद गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जलभराव की शिकायतों पर विधायक सुरेंद्र मैथानी नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद नगर आयुक्त से कहा कि विभागीय लापरवाही पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मौके से ही मंडलायुक्त से फोन पर वार्ता कर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिलाने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान देवकी सिनेमा परिसर में मुख्य नाला क्षतिग्रस्त मिला। इसके चलते नाले का गंदा पानी बैकफ्लो होकर आसपास की दुकानों और मकानों में घुस रहा था, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। हालात देखकर विधायक ने मेट्रो के परियोजना प्रबंधक पीएम अरविंद मीणा सहित अधिकारियों को मौके पर बुलाया और नाराजगी जताई।

विधायक ने मेट्रो अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर नाला, सीवर और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो मेट्रो निर्माण कार्य रुकवाने के साथ मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला लाकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी कराई जाएगी।

मेट्रो अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त नाले, सीवर लाइन और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सात दिन का समय मांगा। इस पर विधायक ने सात दिन का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, नगर निगम के मुख्य अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अधिशासी अभियंता आर.के. सिंह, अवर अभियंता बलेंद्र प्रताप सिंह, जल संस्थान के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, मेट्रो के परियोजना प्रबंधक पीएम अरविंद मीणा, पार्षद नीरज बाजपेई, पार्षद नीरज रक्सेल सहित नगर निगम, मेट्रो और जल संस्थान के अधिकारी, स्थानीय व्यापारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story