डिजिटल लाइब्रेरी से छात्रों को एक ही स्थान पर मिलेंगे आधुनिक संसाधन : प्रमिला पाण्डेय

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल लाइब्रेरी से छात्रों को एक ही स्थान पर मिलेंगे आधुनिक संसाधन : प्रमिला पाण्डेय


कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। डिजिटल लाइब्रेरी आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से युक्त होगी। छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और शोधकर्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल जिले में ज्ञान और अध्ययन को बढ़ावा देगी। यह डिजिटल लाइब्रेरी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

यह बातें गुरुवार को कानपुर की महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कही। वे नगर निगम की ओर से आज फूलबाग स्थित गांधी भवन में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत लगभग आठ करोड़ छह लाख रुपये की लागत से बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास के अवसर पर बाेल रही थीं। इस कार्यक्रम में मुख्य अभियन्ता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी और प्रभारी प्रोजेक्ट आर के सिंह मौजूद रहे।

इस परियोजना के अंतर्गत सिविल और आईटी दोनों प्रकार के कार्य कराए जाएंगे। सिविल कार्य में पचास लोगों की क्षमता वाला वेटिंग हॉल विकसित किया जाएगा, जिसमें फॉल सीलिंग, फ्लोर टाइलिंग, पार्टिशन, पेंटिंग और अन्य सुधार कार्य शामिल हैं। वहीं आईटी व्यवस्था के तहत पचास उपयोगकर्ताओं के लिए डेस्कटॉप, टेबल-कुर्सियां, टैबलेट, डिजिटल लाइब्रेरी प्लेटफॉर्म, ई-रिसोर्सेज और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग उपयोगकर्ताओं के लिए विशेष उपकरण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए यूपीएस भी लगाया जाएगा। साथ ही गांधी भवन के ऐतिहासिक पुस्तकालय में मौजूद हजारों पुस्तकों का डिजिटलीकरण और कैटलॉगिंग भी कराई जाएगी। यहां आरएफआईडी सिस्टम, बारकोड व्यवस्था और बहुभाषी अनुवाद की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे पाठकों को आधुनिक अनुभव मिल सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुस्तकों की साफ-सफाई और संरक्षण का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। महापौर ने यह भी कहा कि नई व्यवस्था के तहत यह प्रदेश की पहली ऐसी लाइब्रेरी होगी, जहां दिव्यांगजन भी सुगमता से अध्ययन कर सकेंगे। इसके लिए लिफ्ट और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story