फर्रुखाबाद में बाढ़ पीड़ितों से मिले कानपुर के मंडलायुक्त, स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी देखीं
फर्रुखाबाद, 17 अगस्त (हि स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्राें का भ्रमण कर लाेगाें का हाल चाल लेने के लिए कानपुर के मंडलायुक्त के विजेंदर पांडियन सोमवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्हाेंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित ग्रामीणों के लिए किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि जिले में गंगा नदी एवं राम गंगा नदी प्रवाहित है, दोनों नदियों का चेतावनी बिन्दु 136.60 मीटर एवं खतरे का निशान 137.10 मीटर है। सिचांई खण्ड की सूचना के अनुसार आज गंगा नदी का जल स्तर 136.90 मीटर एवं राम गंगा नदी का जल स्तर 134.00 मीटर है।
उन्होंने कहा कि तहसील सदर के 12 गाँव, तहसील कायमगंज के 20 गाँव एवं तहसील अमृतपुर के 30 गाँव प्रभावित हैं, इस प्रकार जिले के कुल 62 गाँव प्रभावित हुये हैं। जनपद में 24 अस्थायी बाढ़ शरणालय मूलभूत सुविधाओं सहित स्थापित है। जिनमें 04 बाढ़ शरणालय (मंडी समिति शमसाबाद, सहकारी समिति मंडी अर्रापहाड़पुर, रहमानिया कन्या इन्टर कालेज, रामनिवास डिग्री कॉलेज चित्रकोट राजेपुर) को उपयोग में लाया गया, जिनमें अभी तक 630 व्यक्ति प्रवास कर चुके हैं, जिन्हें पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया, इसके साथ ही 52 अस्थायी बाढ़ चौकियां संचालित है, जिनमे कार्मिकों की तैनाती की गयी है।
इसके पश्चात मंडलायुक्त ने बाढ़ चौकी धारानगरी का निरीक्षण कर वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बाढ़ की स्थिति, निगरानी व्यवस्था तथा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मौके पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को सुखी राहत सामग्री भी वितरित की। मंडलायुक्त ने रहमानिया कन्या इण्टर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ शरणालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

