भाजपा सरकार में कानपुर छाेड़कर दूसरे शहर में राेजगार तलाश रहे युवा-कारीगर और मजदूर : आकाश आनंद

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार में कानपुर छाेड़कर दूसरे शहर में राेजगार तलाश रहे युवा-कारीगर और मजदूर : आकाश आनंद


कानपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयाेजक आकाश आनंद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल कानून व्यवस्था से उत्तर प्रदेश की जनता परेशान है। कानपुर के बंद होते कारखानों और कमजोर पड़ते चमड़ा उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस शहर की पहचान मजदूरों और कारीगरों की मेहनत से है, आज वहां के कारीगराें, मजदूर और युवाओं को अब रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्हाेंने बिल्हाैर विधानसभा सीट से अंबेश कोरी काे बसपा उम्मीदवार घाेषित किया है।

आकाश आनंद ने रविवार काे जनपद कानपुर के बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के बैरी गांव स्थित राम सहाय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर हमला बाेला। उन्हाेंने कहा कि सरकार के पास विज्ञापन में खर्च करने के लिए पैसे हैं, लेकिन खाली पड़े शिक्षकों को भरने के लिए नहीं है। सरकार ने करीब 25 हजार से अधिक स्कूल बंद या दूसरे विद्यालयों में समायोजित किए हैं। स्कूलों को बंद करने के बजाय उन स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती होनी चाहिए। युवा भर्ती परीक्षाओं तथा रोजगार के इंतजार में अपनी उम्र गंवा रहे हैं।

आकाश आनंद ने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और कानपुर जैसे औद्योगिक शहर में कारखाने बंद होने से कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। केवल विज्ञापनों से विकास नहीं होता, जनता को जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गैस सिलेंडर और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का बोझ हर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की तीन बुनियादी मांगें हैं, अच्छी शिक्षा, सबके लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार।

उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी बहुजन समाज के हितों और सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। आकाश आनंद ने कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर के प्रति ऐतिहासिक उपेक्षा का आरोप लगाया है। सपा ने अपनी सरकार में कई जिलों, विश्वविद्यालय, काॅलेज के नाम बदल दिए थे।उन्हाेंने कहा जबकि बहन मायावती के शासनकाल में गरीबों को आवास, भूमिहीन परिवारों को जमीन, बेटियों की शिक्षा और युवाओं को रोजगार देने के लिए काम किया गया। कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ सर्वसमाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने की योजनाएं चलाई गईं।

जनसभा में आकाश आनंद ने बिल्हौर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के रूप में अंबेश कोरी के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें भारी मतों से जिताकर विधानसभा भेजने की अपील की है। ------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story