औरैया : 22 अक्टूबर से आठ दिन बंद रहेगी कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग, त्योहारों पर बढ़ेंगी मुश्किलें

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : 22 अक्टूबर से आठ दिन बंद रहेगी कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग, त्योहारों पर बढ़ेंगी मुश्किलें


-दीपावली और धनतेरस हाेने से व्यापारियों व किसानों को होगी परेशानी

औरैया, 18 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 5सी को मरम्मत कार्य के चलते 22 अक्टूबर की सुबह से 29 अक्टूबर की शाम तक बंद रखने की सूचना से क्षेत्रीय लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। दीपावली और धनतेरस से पहले रेलवे के इस फैसले से व्यापारियों, किसानों, मरीजों और विद्यार्थियों सहित हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो सकता है।

कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग से स्थानीय लोगों के अलावा रसूलाबाद, औरैया, बिल्हौर और जालौन सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग आवागमन करते हैं। फाटक बंद रहने से छोटे-बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से लंबा चक्कर लगाना पड़ सकता है। इससे बाजार पहुंचने, मरीजों को अस्पताल ले जाने और विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में परेशानी होने की आशंका है।

वैकल्पिक मार्ग को लेकर चिंता।

रेलवे की ओर से परजनी स्थित ओवरब्रिज संख्या तीन और सूखमपुर की ओर जाने वाले मार्ग को विकल्प के रूप में बताया गया है। हालांकि, सूखमपुर की ओर पर्याप्त रास्ता उपलब्ध न होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में लोगों ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

रात में फाटक खोलने की मांग।

दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी बढ़ने के साथ किसानों को धान की उपज मंडियों तक पहुंचानी है। ऐसे में लगातार आठ दिन क्रॉसिंग बंद रहने से कारोबार और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। क्षेत्रीय लोगों ने रेलवे और औरैया व कानपुर देहात के प्रशासनिक अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात छह बजे से सुबह छह बजे तक फाटक खोलने की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन, व्यापारियों और किसानों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story