वैश्विक बाजार में चमकेंगे कांच नगरी के उत्पाद, यूपी ट्रेड शो में फिरोजाबाद के 46 उद्यमी लगाएंगे 54 स्टाल

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक बाजार में चमकेंगे कांच नगरी के उत्पाद, यूपी ट्रेड शो में फिरोजाबाद के 46 उद्यमी लगाएंगे 54 स्टाल


वैश्विक बाजार में चमकेंगे कांच नगरी के उत्पाद, यूपी ट्रेड शो में फिरोजाबाद के 46 उद्यमी लगाएंगे 54 स्टाल


फिरोजाबाद, 23 सितंबर (हि.स.)। सुहाग की नगरी फिरोजाबाद के प्रसिद्ध कांच उद्योग को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026' में जनपद का कांच उद्योग वैश्विक मंच पर अपनी चमक बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार है। 'एक जनपद- एक उत्पाद' (ओडीओपी) और निर्यात प्रोत्साहन नीतियों के चलते स्थानीय उद्यमियों, नवाचारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सीधे विदेशी खरीदारों और वैश्विक बाजार से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर मिल रहा है।

- 46 उद्यमी और 54 स्टाल: अंतरराष्ट्रीय पटल पर बड़ी हिस्सेदारी

इस विशाल ट्रेड शो में फिरोजाबाद जनपद की ओर से मजबूत भागीदारी देखने को मिलेगी। जिले के 46 प्रमुख उद्यमी और नवोदित निर्यातक कुल 54 भव्य स्टाल लगाने जा रहे हैं। इन स्टाल्स के माध्यम से फिरोजाबाद के ऐतिहासिक और आधुनिक हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। ट्रेड शो के दौरान देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के सामने फिरोजाबाद का कांच उद्योग अपनी अनूठी कलात्मकता और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेगा।

- ग्लासवेयर से लेकर टेक्सटाइल और डेयरी उत्पादों की दिखेगी झलक

ट्रेड शो में न केवल फिरोजाबाद के पारंपरिक कांच के सामान, झूमर, सजावटी उत्पाद और आधुनिक 'ग्लास व ग्लासवेयर' की विस्तृत रेंज दिखेगी, बल्कि जिले के अन्य प्रमुख क्षेत्रों का भी प्रदर्शन होगा। एक्सपो में फिरोजाबाद के डेयरी प्रोडक्ट्स, टेक्सटाइल प्रोडक्ट्स और गारमेंट प्रोडक्ट्स से जुड़े उत्पादकों की भी सशक्त मौजूदगी रहेगी। इससे जिले के समग्र औद्योगिक परिदृश्य और विनिर्माण क्षमता (मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी) को नया आयाम मिलेगा।

- ओडीओपी और नवोदित निर्यातकों के लिए नया अध्याय

योगी सरकार की नीतियों के कारण आज छोटे से छोटा उद्यमी भी सीधे वैश्विक बाजार तक पहुंच बना पा रहा है। ओडीओपी योजना के तहत कांच उद्योग से जुड़े कारीगरों को आधुनिक प्रशिक्षण, पैकेजिंग और वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस ट्रेड शो के जरिए नवोदित निर्यातकों को विदेशी कंपनियों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) मीटिंग का अवसर मिलेगा, जिससे निर्यात और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

उपायुक्त उद्योग संध्या यादव का कहना है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 फिरोजाबाद के कांच उद्योग और स्थानीय उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने पैर जमाने का एक स्वर्णिम अवसर है। इस बार हमारे जिले से 46 उद्यमी 54 स्टॉल्स के माध्यम से ग्लासवेयर, टेक्सटाइल और डेयरी उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है कि इस आयोजन से हमारे ओडीओपी उत्पादों को भारी मात्रा में अंतरराष्ट्रीय एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलेंगे और फिरोजाबाद की औद्योगिक प्रगति को नई गति प्राप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story