कजरी को फिर मिलेगी मीरजापुर की पहचान, संस्कार भारती ने छेड़ी लोकधुन बचाने की मुहिम

WhatsApp Channel Join Now
कजरी को फिर मिलेगी मीरजापुर की पहचान, संस्कार भारती ने छेड़ी लोकधुन बचाने की मुहिम


मीरजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। कभी सावन आते ही गांव-गलियों में कजरी की तान से गूंज उठने वाला मीरजापुर अब अपनी इस लोकधरोहर को फिर से जनजीवन में उतारने की तैयारी में है। संस्कार भारती की वार्षिक योजना बैठक में विलुप्ति की ओर बढ़ रही कजरी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे फिर से लोकप्रिय बनाने का संकल्प लिया गया। गणेशगंज स्थित होटल सिद्धार्थ में हुई बैठक में संस्कृति संरक्षण के साथ संगठन के विस्तार की रूपरेखा भी तय की गई।

बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, काशी प्रांत की उपाध्यक्ष एवं मीरजापुर प्रभारी विदुषी सुचरिता गुप्ता तथा विशेष अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने मां विंध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से किया। संस्कार भारती गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का माहौल सांस्कृतिक रंग में रंग गया।

जिला महामंत्री शिवराम शर्मा ने संस्था की वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संस्कृति केवल मंचीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं, बल्कि लोकपरंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी संस्था की जिम्मेदारी है।

डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने कहा कि कला और संस्कृति समाज की आत्मा हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। बैठक के अंत में दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कजरी को मिलेगा नया मंच

अध्यक्ष पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने आगामी 30 अगस्त को लायंस स्कूल में होने वाले कजरी महोत्सव की जानकारी देते हुए कहा कि मीरजापुर की पहचान रही कजरी को पुनर्जीवित करने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे। महोत्सव में महिलाएं हरी साड़ी, हरी चूड़ियों और पारंपरिक श्रृंगार में कजरी की लोकछटा को जीवंत करेंगी। काशी से पहुंचीं विदुषी सुचरिता गुप्ता ने कजरी प्रस्तुत कर सावन और माटी की खुशबू को सुरों में उतार दिया।

संगठन को भी मिले नए चेहरे

बैठक में डॉ. नम्रता मिश्रा और सोमेश्वरपति त्रिपाठी को उपाध्यक्ष तथा विजय द्विवेदी और रितेश श्रीवास्तव को कार्यकारिणी में प्रमुख सदस्य बनाए जाने की घोषणा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story