बदेवरानाथ महोत्सव में कजली और भजनों पर झूमे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
बदेवरानाथ महोत्सव में कजली और भजनों पर झूमे श्रद्धालु


मीरजापुर,18 अगस्त (हि.स.)। नागपंचमी पर्व के उपलक्ष्य में बाबा बदेवरानाथ महोत्सव के तहत सोमवार की बीती रात मंदिर परिसर में मीरजापुरी कजली, भजन और गीतों की रंगारंग प्रस्तुति हुई। मंगलवार भोर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया।

स्थानीय कलाकार पंकज राज, जौनपुर के उमेश निषाद, ओबरा के दीपक पांडेय, ममता सागर, मुकेश कुमार, सपन श्रीवास्तव और हीरा राज ने वाद्य यंत्रों की धुन पर बाबा बदेवरानाथ के भजनों और कजली की प्रस्तुतियां दीं। ‘बम-बम बाबा बदेवरानाथ’ और ‘भांग क भोग लगावे हमरे भोला जी, कान में डमरू बजावे हमरे भोला जी’ जैसे गीतों पर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं और श्रद्धालुओं ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और गीत-भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए। एमटीएस पब्लिक स्कूल की प्रबंधक डॉ. निशा द्विवेदी एवं ग्राम प्रशासक माहेश्वरी उपाध्याय ने कलाकारों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

आयोजन समिति के प्रमुख संतोष दुबे, पुजारी महेंद्र गिरि, ओमप्रकाश उपाध्याय सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story