हाईटेक हुआ कछवां थाना, नए भवन से बदलेगी पुलिसिंग की तस्वीर
मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। जनपद में पुलिस व्यवस्था को बेहतर और जनोपयोगी बनाने की दिशा में गुरुवार को कछवां थाने के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय कक्षों का निरीक्षण किया और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा फरियादियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन से पुलिसकर्मियों को कार्य करने में सहूलियत मिलेगी और लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में एसपी सिटी नितेश सिंह, एएसपी कनिष्क आर. जामकर, सीओ एमपी सिंह, थाना प्रभारी अमरजीत चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

