कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, फायर टीम ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, फायर टीम ने पाया काबू


फिरोजाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार शाम बिजली के सामान के एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। फायर बिग्रेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस व फायर टीम आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रही है।

थाना रसूलपुर के नगला बरी क्षेत्र में जुल्फिकार अली और फुरकान अली का कबाड़ गोदाम है। इसमें बिजली के उपकरणों और लाइट से संबंधित कबाड़ रखा हुआ था। शनिवार शाम उस समय क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। जब अचानक गोदाम से धुआं निकलता हुआ लोगों को दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं बढ़ने लगा और गोदाम के अंदर आग फैल गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली।

सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम का शटर बंद होने के कारण दमकल कर्मियों ने उसे तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग की तीव्रता और गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखे होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीन दमकल की गाड़ियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में बिजली के सामान और लाइट से संबंधित कबाड़ रखा होने के कारण आग से काफी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, आग लगने से हुए वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। गोदाम में आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस सम्बन्ध में फायर बिग्रेड टीम का कहना है बिजली के कबाड़ के गोदाम में आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। आग बुझने के बाद गोदाम में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story