शिक्षा और रोज़गार काे लेकर जस्टिस मोर्चा 12 अगस्त से शुरु करेगा जनसंपर्क
लखनऊ, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में शिक्षा, रोज़गार, समान अवसर और युवाओं से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर युवाओं द्वारा गठित ‘जस्टिस मोर्चा’ की आज लखनऊ के प्रेस क्लब में आधिकारिक घोषणा की गई।
जस्टिस मोर्चा की प्रमुख मांगाें में वार्षिक भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी कर सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को निर्धारित समय में करने, स्वीकृत लेकिन रिक्त पड़े सभी सरकारी पदों को तत्काल भरने, लंबित सभी भर्तियों को तत्काल पूरा कर नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से समाप्त करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को वापस लेने, परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने व नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया समाप्त कर प्रत्येक अभ्यर्थी को विस्तृत स्कोर कार्ड उपलब्ध कराना मुख्य हैं।
जस्टिस मोर्चा के पदाधिकारियाें ने साेमवार काे बताया कि प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान 12 अगस्त से शुरू होगा और 20 अगस्त से चौरी चौरा, गोरखपुर से एक साइकिल यात्रा की शुरुआत होगी, जो 2 अक्टूबर को लखनऊ में समाप्त होगी। इसके अलावा साइकिल यात्रा के साथ-साथ अगले 50 दिनों तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में जनसंवाद हाेगा। इस अवसर पर प्रेस कांफ्रेंस में सुधांशु, अर्पिता, गोविंद, देवेश, प्रियेश, मृत्युंजय, विशाल, विवेक, बृजेश, अवनीश, महेंद्र, सूफी, राघव, सत्यम, नीरज शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

