जौनपुर में गौरी शंकर मंदिर में धूमधाम से मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’
जौनपुर,11 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के आह्वान पर ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के मुख्यालय परिसर स्थित गौरी शंकर मंदिर में सोमवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह एवं सिंगरामऊ की ग्राम प्रधान मीना सिंह ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग की विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, ॐकार जाप और भव्य महाआरती से भक्तिमय हो उठा। पूजन कार्यक्रम मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विनोद मिश्रा एवं महेंद्र शास्त्री द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर सामूहिक भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। साथ ही ‘सोमनाथ संकल्प संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भारतीय गौरव, सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन परंपराओं के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार, बीडीसी सदस्य केशव प्रसाद, प्रधान प्रतिनिधि विनय सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य हेमलता यादव, मुमताज अहमद, पीयूष बरनवाल सहित ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।-------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

