संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा: राकेश मौर्य
जौनपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को 'संविधान मान स्तंभ दिवस (आरक्षण दिवस)' का वार्षिक समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की। कार्यक्रम में संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय तथा आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज पीजी कॉलेज के प्रवक्ता प्रो. लालसाहब यादव तथा मुख्य वक्ता जौनपुर के सांसद बाबूसिंह कुशवाहा रहे। दोनों वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता, सामाजिक न्याय की अवधारणा और आरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला हैं, जिनकी रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा है और आरक्षण सामाजिक न्याय का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, पूर्व मंत्री संगीता यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, श्रद्धा यादव, सुशील दुबे, दीपचंद राम, जयंती यादव, प्रेमनारायण बाबा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

