समाजवादी पार्टी ने जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया, आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
जौनपुर,05 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जौनपुर में जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
धरने में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, पीडीए आरक्षण घोटाला, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, अघोषित बिजली कटौती तथा पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। वक्ताओं ने जल जीवन मिशन और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट योजनाओं में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार पीडीए समाज के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने फर्जी एनकाउंटर के मुद्दे पर सरकार और प्रशासन को घेरते हुए कहा कि संविधान के दायरे में रहकर कानून व्यवस्था चलनी चाहिए।
धरने को विधायक तूफानी सरोज, लकी यादव, डॉ. रागिनी सोनकर, पंकज पटेल समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

