जौनपुर में 13 पुलिस अधिकारियों के तबादले, कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसपी ने किया फेरबदल
जौनपुर, 21 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने रविवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया। यह कार्रवाई जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई है। स्थानांतरित अधिकारियों को अपने-अपने नवीन तैनाती स्थलों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव को मुंगराबादशाहपुर से हटाकर बरसठी का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी रहे उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार तिवारी को मुंगराबादशाहपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षक रामाश्रय राय को स्वाट टीम प्रभारी से खुटहन का थाना प्रभारी, जबकि उपनिरीक्षक तरुण श्रीवास्तव को गामा टीम प्रभारी से महाराजगंज का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षक अनिल कुमार को एसओजी टीम से हटाकर पवारा का थानाध्यक्ष, तथा उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह को स्वाट टीम से मीरगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसी क्रम में निरीक्षक देवानंद रजक को बरसठी के प्रभारी निरीक्षक पद से हटाकर अपराध शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महाराजगंज के थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक अमित कुमार पाण्डेय को स्वाट टीम प्रभारी, जबकि पवारा के थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश सिंह को गामा टीम प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, खुटहन के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक चंदन कुमार राय एवं मीरगंज के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विनोद कुमार अंचल को अन्य जनपदों में स्थानांतरित किया गया है।
चौकी स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। उपनिरीक्षक विनोद कुमार चतुर्वेदी को चंदवक थाना क्षेत्र की बरामनपुर चौकी से हटाकर मछलीशहर थाना क्षेत्र की कस्बा चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उपनिरीक्षक होरिल यादव को मछलीशहर की कस्बा चौकी से चंदवक की बरामनपुर चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस प्रशासन के इस व्यापक फेरबदल को अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

