जौनपुर में कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
जौनपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने देर रात जिले भर के कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया।
इनमें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह को सुजानगंज स्थित उनके आवास पर पुलिस बल की निगरानी में रखा गया। वहीं खुटहन थाना क्षेत्र में जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा को भी पुलिस ने उनके घर पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। शहर अध्यक्ष आरिफ खान, प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, पंकज सोनकर और कांग्रेस नेता जयमंगल यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी नजरबंद किया गया।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से की गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के इस प्रकार नजरबंदी करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। -------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

