जौनपुर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति कार्यक्रम


जौनपुर,07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों, विभागवार जिम्मेदारियों, प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, एनसीसी-एनएसएस छात्र-छात्राओं, माई भारत वालंटियर्स और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत 9 से 15 अगस्त तक विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। 10 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और अलंकरण कराया जाएगा। वहीं 11 से 15 अगस्त तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित होगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। देशभक्ति गीत, तिरंगा गान और ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। इसी दिन भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 14 अगस्त को सुबह 8:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी-एनएसएस और माई भारत वालंटियर्स सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे। यात्रा में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के साथ पेयजल, जलपान, साउंड, बैंड और ड्रोन से वीडियोग्राफी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने 15 अगस्त को प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा सेल्फी गतिविधि भी चलेगी। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी और ‘वंदे मातरम्’ के वीडियो को निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने सभी गतिविधियों का फोटो-वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने और सोशल मीडिया के जरिए अभियान का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story