जौनपुर में बिजली संकट के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ने किया। इस दौरान प्रशासन को बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए पांच घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट से पेयजल समस्या भी गहरा गई है और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर उदासीन बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

