बिना भूमि अधिग्रहण सड़क निर्माण का आरोप, साथी को न्याय दिलाने अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
बिना भूमि अधिग्रहण सड़क निर्माण का आरोप, साथी को न्याय दिलाने अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में किया घेराव


जौनपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में खुटहन क्षेत्र के ग्राम रुस्तमपुर निवासी अधिवक्ता अभिनव मिश्रा ने अपनी जमीन पर सड़क बनाए जाने के विराेध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। नारेबाजी और प्रदर्शन किया और अधिवक्ता अभिनव मिश्रा को न्याय दिलाने की मांग किया। इस बीच मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी को अधिवक्ताओं ने मामले से अवगत कराया । जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

शिकायत के अनुसार अभिनव मिश्रा पुत्र स्वर्गीय रामकुमार मिश्र की भूमि आराजी संख्या 151 तथा उनके चाचा उमाशंकर मिश्र की भूमि आराजी संख्या 152 ग्राम रुस्तमपुर में स्थित है। दोनों भूखंडों के पूर्वी हिस्से से लगभग 5 कड़ी (करीब 3.3 फीट) चौड़ी सार्वजनिक नाली गुजरती है। आरोप है कि ग्राम प्रधान अनीता देवी, उनके पति तथा संबंधित राजस्व कर्मियों ने मिलकर नाली की भूमि और निजी खेतों पर अतिक्रमण करते हुए करीब 12 फीट चौड़ी आरसीसी सड़क का निर्माण करा दिया।

अभिनव का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी और उनके चाचा की लगभग 10 बिस्वा भूमि सड़क में शामिल कर ली गई, जबकि न तो भूमि का अधिग्रहण किया गया और न ही किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया। इसके अलावा सार्वजनिक नाली पर कब्जा होने से आसपास के खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अभिनव मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि यदि सड़क निर्माण अवैध रूप से किया गया है तो उसे हटाकर नाली को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया जाए तथा उनकी भूमि से अतिक्रमण हटवाया जाए। यदि सड़क हटाना संभव न हो तो नियमानुसार भूमि का अधिग्रहण कर सरकारी दर से मुआवजा एवं अब तक हुई क्षति की भरपाई कराई जाए।

उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story