जीवामृत से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरा शक्ति, किसानों को बताई विधि

WhatsApp Channel Join Now
जीवामृत से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरा शक्ति, किसानों को बताई विधि


मीरजापुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया क्षेत्र के बरडीहा कला और बेदऊर गांव में मंगलवार को खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती के तरीके बताए गए। सहायक विकास अधिकारी कृषि नरेंद्र कानापुरिया ने किसानों को जीवामृत और घनामृत तैयार करने की विधि समझाई। उन्होंने कहा कि इनके प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के साथ रासायनिक खाद पर निर्भरता कम की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि जीवामृत बनाने के लिए 10 किलो गोबर, पांच लीटर गौमूत्र, एक किलो गुड़, एक किलो बेसन और पेड़ के नीचे की आधा किलो मिट्टी की जरूरत होती है। इन सभी सामग्री को 200 लीटर के टैंक में 180 लीटर पानी के साथ मिलाकर घोल तैयार करें। इसके बाद सात दिनों तक सुबह-शाम घड़ी की दिशा में घोल को हिलाते रहें। इस तरह जीवामृत तैयार हो जाएगा।

उन्होंने किसानों को तैयार जीवामृत का फसलों पर स्प्रे मशीन से छिड़काव करने की सलाह दी। उन्हाेंने बताया कि इससे फसलों की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में हरिकेश पटेल, एटीएम दीपांकर गौतम, किसान धीरज मौर्य सहित कई किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story