चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल जायज, जवाब मिलना चाहिए : पल्लवी पटेल

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल जायज, जवाब मिलना चाहिए : पल्लवी पटेल


चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल जायज, जवाब मिलना चाहिए : पल्लवी पटेल


जौनपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। अपना दल (कमेरावादी) की नेता एवं सिराथू विधायक पल्लवी पटेल मंगलवार को जौनपुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत करते चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों को जायज बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त संवैधानिक निकाय है और लोकतंत्र को बनाए रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उसकी कार्यप्रणाली और दायित्व निर्वहन पर सवाल उठते हैं तो आयोग को उनका जवाब देना चाहिए।

पल्लवी पटेल ने कहा कि विपक्ष अनायास चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह उठाए जा रहे सवालों का जवाब दें और अपनी जिम्मेदारी तय करें। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर युवाओं के रोजगार को लेकर भी निशाना साधा। कहा कि यदि सरकार के स्तर से पकौड़ा तलने या ई-रिक्शा चलाने को कमाई का विकल्प बताया जाता है तो इससे युवाओं के प्रति सरकार की सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और सम्मानजनक नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अपना दल (कमेरावादी) जौनपुर की मड़ियाहूं, मुंगराबादशाहपुर और मछलीशहर विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन तीनों सीटों पर पार्टी पहले भी संगठनात्मक स्तर पर काम करती रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर यहां विशेष रूप से तैयारी की जाएगी। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, सम्मान, अधिकार और अवसर की विचारधारा से मेल रखने वाले दलों के साथ ही गठबंधन पर विचार किया जाएगा। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story