जौनपुर : दीवानी बार चुनाव में 76 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद, शनिवार को होगी गिनती

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : दीवानी बार चुनाव में 76 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद, शनिवार को होगी गिनती


जौनपुर,11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए मतदान हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक चले मतदान में 76 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। कुल 3400 वोटों में से 2854 वोट पड़े।

अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद पर भी सात प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। मंत्री और सहमंत्री पद पर नौ-नौ प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। इसके अलावा, उपमंत्री और लेखा निरीक्षक पद पर चार-चार प्रत्याशी और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

मतदान शुरू होने से पहले ही प्रत्याशी और उनके समर्थक कचहरी परिसर में सक्रिय हो गए थे। उन्होंने अधिवक्ताओं से मिलकर अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की। मतदान केंद्र पर पूरे दिन अधिवक्ताओं की भीड़ लगी रही। कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से लगातार संपर्क करते दिखे।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। कचहरी परिसर के प्रवेश द्वार और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मी तैनात थे। पुलिस लगातार निगरानी करती रही, जिससे मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।

शाम 05 बजे मतदान खत्म होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रख दिया गया। अब सभी प्रत्याशियों की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। मतदान समाप्त होने के बाद कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बीच जीत-हार को लेकर चर्चाएं भी होती रहीं।

मतगणना शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, सहमंत्री, उपमंत्री, लेखा निरीक्षक और कार्यकारिणी सदस्य पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतगणना के बाद दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी की तस्वीर साफ हो जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story