जनवादी महिला समिति ने महंगाई समेत कई मांगों को लेकर जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जनवादी महिला समिति ने महंगाई समेत कई मांगों को लेकर जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन


कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में रसोई गैस संकट, स्मार्ट मीटर के दबाव और बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है। महिलाओं और दलितों के खिलाफ बढ़ती हिंसा ने समाज में डर का माहौल बना दिया है। इन समस्याओं को लेकर ठोस कार्रवाई की जरूरत है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर आम जनता को राहत देनी चाहिए।

यह बातें बुधवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सचिव नीलम तिवारी ने कही। समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी कानपुर नगर कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा। यह मांग पत्र एसीएम-2 रितुप्रिया को सौंपा गया। संगठन की ओर से कहा गया कि शहर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार बढ़ रही है, जिससे घरेलू महिलाओं के साथ-साथ छोटे होटल और ठेला-स्टाल संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को अपना कामकाज तक बंद करना पड़ रहा है।

महिला समिति ने महिलाओं और दलितों पर हो रही अत्याचार की घटनाओं पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही रेप, हत्या और उत्पीड़न की घटनाओं से समाज में भय का वातावरण है। समिति ने प्रशासन से इन सभी मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष सुधा सिंह, नीलम तिवारी, सीमा कटियार, आशा खालिद व मालती कटियार ने प्रशासन से त्वरित उपाय करने की मांग की है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story