लखनऊ के जन भवन में गरबा महोत्सव की धूम: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मां दुर्गा की उतारी आरती
लखनऊ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के तृतीय दिवस पर लखनऊ स्थित जन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शिरकत की। उन्होंने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रही। इस अवसर पर जन भवन परिसर भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा।
श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक गरबा नृत्य में भाग लिया तथा मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति एवं नवरात्रि के उल्लास को जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
महोत्सव में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी तथा भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। जन भवन में आयोजित यह नौ दिवसीय गरबा महोत्सव 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने तथा युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

