जनता पीजी कॉलेज, फलावदा का नाम परिवर्तित कर होगा चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज
योगी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान और युवा पीढ़ी को उनके योगदान से जोड़ने की दिशा में बढ़ाया कदम : योगेंद्र उपाध्याय
लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही महापुरुषों के गौरवशाली योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में मेरठ के फलावदा स्थित जनता पीजी कॉलेज का नाम परिवर्तित कर चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज, फलावदा, मवाना किया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने साेमवार काे बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा इस संबंध में शासन को प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया था। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद द्वारा प्रस्ताव पर विचार करते हुए नाम परिवर्तन की संस्तुति की गई, जिसके क्रम में शासन स्तर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का प्रदेश और देश के सामाजिक, शैक्षिक तथा कृषि क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका नाम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। महापुरुषों के नाम से शिक्षण संस्थानों का जुड़ाव विद्यार्थियों को उनके विचारों, संघर्ष और योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में उच्च शिक्षा संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारपरक बनाने के साथ ही उनके गौरव और पहचान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

