देश में संतों के सम्मान के लिए गंगा व गौमाता की रक्षा जरूरी : स्वामी सत्यात्मानंद गिरि

WhatsApp Channel Join Now
देश में संतों के सम्मान के लिए गंगा व गौमाता की रक्षा जरूरी : स्वामी सत्यात्मानंद गिरि


फतेहपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) संत जन जागरण यात्रा से पहले एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में वृंदावन से आए बाल योगी महामंडलेश्वर स्वामी सत्यात्मानंद गिरि महाराज ने केंद्र व प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को लेकर कहा कि देश में संतों के सम्मान के लिए गंगा व गौमाता की रक्षा जरूरी है। लेकिन उत्तर प्रदेश की सरकार सम्मान की जगह संतों का अपमान कर रही है।

जहानाबाद कस्बे के अमौली रोड स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस में आयोजित सपा संत जन जागरण यात्रा में बाल योगी महामंडलेश्वर सत्यात्मानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में एक दर्जन महामंडलेश्वर संतों का कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। जन जागरण यात्रा से पूर्व आयोजित सभा में बाल योगी महामंडलेश्वर सत्यात्मानंद गिरि ने कहा कि धर्म की रक्षा का दम भरने वाली भाजपा सरकार जब गौ माता व गंगा की रक्षा नहीं कर पा रही तो वह देश की रक्षा क्या कर पाएगी।

उन्होंने कहा कि मेरा संकल्प है जब तक प्रदेश में सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन जाते, तब तक मेरी ये जन जागरण यात्रा जारी रहेगी।

वहीं महामंडलेश्वर वैराग्य आनंद गिरि महाराज ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने बहन बेटियों की रक्षा करने के बजाए उन बहन बेटियों द्वारा अपना हक मांगने पर उन पर लाठी चार्ज करवा कर अपमानित किया जा रहा है। इसके अलावा सभा में महामंडलेश्वर स्वामी पागल दास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी अमर दास महाराज, महामंडलेश्वर उपदेश दास महाराज ने भी अपने विचार व्यक्त किया। तत्पश्चात जन जागरण यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो कस्बा से होते हुए बकेवर की ओर रवाना हुई। कार्यक्रम का संचालन सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव केपी यादव ने किया।

इस मौके पर पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, पूर्व एमएलसी लवकुश कुमार मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल दयालू, पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस, राजेंद्र निगम, राज बहादुर उत्तम, इंद्रसेन पासी, वीरेंद्र सचान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story